36 गढ़ीFEATUREDLatestराष्ट्रीयविविध

बिलासपुर-जांजगीर में जलभराव: मुख्यमंत्री साय ने राहत कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर राहत पहुंचाने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री, भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जलनिकासी की त्वरित व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और जनसुविधाओं को जल्द बहाल करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत कार्यों में कोई बाधा न आए।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को शीघ्र सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button