
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में विशेष अभियान के तहत 394 आवेदन प्राप्त, 217 का मौके पर निराकरण
पेंशन, राशन कार्ड, शौचालय, आवास और पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान को प्रशासन की प्राथमिकता
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सचिवालयों के माध्यम से विशेष समाधान अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर के मार्गदर्शन में संचालित अभियान के दौरान जिलेभर से मांग एवं शिकायतों से संबंधित कुल 394 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 217 प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया गया। इसके अतिरिक्त 39 शिकायतों पर आवश्यक कार्यवाही भी की गई। शेष लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण सचिवालयों में प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से राशन कार्ड निर्माण एवं नाम जोड़ने, व्यक्तिगत शौचालय, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नवीन जॉब कार्ड, गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल सुविधा, बोर खनन तथा विभिन्न प्रमाण पत्रों से संबंधित मांगें शामिल रहीं।
विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत रेंगाकठेरा में सर्वाधिक 42 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि ग्राम पंचायत बिटाल में 20 आवेदन दर्ज किए गए। यहां व्यक्तिगत शौचालय, राशन कार्ड, गैस कनेक्शन एवं पेंशन संबंधी मांगें प्रमुख रूप से सामने आईं। इसी प्रकार विकासखंड मानपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में राशन कार्ड में नाम जोड़ने, पेंशन स्वीकृति तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। वहीं विकासखंड मोहला के कुंजामटोला एवं धोबेदंड ग्राम पंचायतों में पेंशन, उज्ज्वला योजना तथा शौचालय निर्माण से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन दर्ज किए गए।
जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो तथा आमजन को समयबद्ध और सहज रूप से सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।



