


सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम पंचायत डोमनापारा के आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण माह 2026 के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य, मातृ-शिशु देखभाल एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करना और समुदाय में जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना मनेन्द्रगढ़ ग्रामीण की पर्यवेक्षक शिल्पा अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर महिलाओं, बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
न्योता भोज और सुपोषण टोकरी से दिया पोषण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को पौष्टिक भोजन कराया गया। पर्यवेक्षक शिल्पा अग्रवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और समुचित विकास के लिए परिवार एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों का सम्मान भी किया गया।
योजनाओं की जानकारी के साथ महिलाओं को किया जागरूक
कार्यक्रम में महिलाओं को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना सहित महिला एवं बाल हितैषी योजनाओं के संबंध में हितग्राहियों से संवाद किया गया और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत मुनगा के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में पौष्टिक थाली का प्रदर्शन एवं व्यंजन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास, संतुलित आहार, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
विभिन्न गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और संवाद के माध्यम से महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ ही उन्हें अपने परिवार एवं समाज में स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण महिलाओं और परिवारों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उनके घर के नजदीक ही मिल सके। आंगन मिलन सेवा जैसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के साथ महिलाओं के आत्मविश्वास और सहभागिता को भी मजबूत कर रहे हैं।




