
श्रमिक हितैषी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर पंजीयन के दिए निर्देश
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. रामप्रताप सिंह एवं महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने श्रम पदाधिकारी कार्यालय महासमुंद का दौरा किया। कार्यालय पहुंचने पर अधिकारी-कर्मचारियों ने पुष्पमाला एवं गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया।
इस दौरान डॉ. सिंह ने श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से मुलाकात कर विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए निरंतर कार्य कर रही है। श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अटल उत्कृष्ट योजना प्रारंभ की गई है। इसके अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को कक्षा छठवीं से 12वीं तक आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। डॉ. सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर श्रमिकों का पंजीयन करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक शासन की योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी श्रमिकों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।




