36 गढ़ीFEATUREDLatestराष्ट्रीयविविध

CG Seva Setu एवं e-Office प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनपद पंचायत भरतपुर में प्रशिक्षण आयोजित

ऑनलाइन नागरिक सेवाओं की प्रक्रिया, डिजिटल कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं समयबद्ध सेवा प्रदायगी पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण

शासन की डिजिटल सेवा प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं नागरिक हितैषी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद पंचायत भरतपुर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में  CG Seva Setu पोर्टल एवं  e-Office प्रणाली के प्रभावी संचालन संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभागीय ऑपरेटर, ईडीएम नारायण केवट, ईडीटीएम श्रवण लोधी एवं डीसी गणेश  सहित संबंधित कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की डिजिटल सेवाओं के संचालन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, सेवा वितरण प्रणाली तथा कार्यालयीन कार्यों के डिजिटलीकरण से संबंधित नवीन प्रावधानों की जानकारी देना था, ताकि आम नागरिकों को सभी शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा सकें।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा  CG Seva Setu पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न नागरिक सेवाओं के संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को राशन कार्ड से संबंधित सेवाओं, जैसे नया राशन कार्ड बनवाना, परिवार के सदस्य का नाम जोड़ना या हटाना, आवश्यक संशोधन तथा अन्य संबंधित प्रक्रियाओं के ऑनलाइन निष्पादन की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, आवेदन की स्थिति का अवलोकन एवं समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।
प्रशिक्षण में विवाह पंजीयन से संबंधित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं आवेदन के विभिन्न चरणों की जानकारी भी दी गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन, पात्रता परीक्षण तथा आवेदन की प्रगति की निगरानी संबंधी प्रक्रियाओं पर भी विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यशाला के दौरान  e-Office प्रणाली के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पत्रों एवं कार्यालयीन फाइलों का ऑनलाइन निर्माण, प्राप्ति, अग्रेषण ( Forwarding ), अनुमोदन (Approval), डिजिटल कार्यप्रवाह (Digital Workflow), ई-फाइल प्रबंधन तथा कार्यालयीन अभिलेखों के डिजिटल संधारण एवं समयबद्ध निष्पादन की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही बताया गया कि  e-Office प्रणाली के प्रभावी उपयोग से कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, अनावश्यक विलंब कम होगा तथा कार्य निष्पादन अधिक दक्ष एवं जवाबदेह बनेगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी नागरिकों को शासकीय सेवाएं सहज, सुलभ एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि  CG Seva Setu   पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी पात्र हितग्राही को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से सेवा वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं जनोन्मुखी बनेगी। इसलिए सभी विभाग अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में  e-Office प्रणाली का अधिकतम उपयोग करें तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण के अंत में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों एवं ऑपरेटरों को डिजिटल सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा शासन की ई-गवर्नेंस पहल को सफल बनाने के लिए सक्रिय एवं समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button