36 गढ़ीFEATUREDLatest

खरीफ 2026 के लिए रासायनिक उर्वरकों का अग्रिम उठाव प्रारंभ, 37,800 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित

खरीफ वर्ष 2026 की फसल को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा 01 फरवरी 2026 से 31 मई 2026 तक रासायनिक उर्वरकों के अग्रिम उठाव की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। कृषि विभाग द्वारा खरीफ मौसम 2026 के लिए जिले में विभिन्न प्रकार के रासायनिक उर्वरकों का कुल 37,800 मीट्रिक टन लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्धारित लक्ष्य के अंतर्गत यूरिया – 16,600 मीट्रिक टन, डीएपी – 10,000 मीट्रिक टन, एन.पी.के. – 6,000 मीट्रिक टन, एमओपी 2,200 मीट्रिक टन तथा एसएसपी – 3,000 मीट्रिक टन उर्वरकों का अग्रिम उठाव किया जाएगा।

कृषि विभाग ने किसानों को राहत देते हुए यह भी स्पष्ट किया है कि 01 फरवरी 2026 से 31 मई 2026 की अवधि में सहकारी समितियों के माध्यम से उठाव किए गए रासायनिक उर्वरकों पर कृषकों से किसी भी प्रकार की ब्याज राशि अधिभारित नहीं की जाएगी। इससे किसानों को समय रहते आवश्यक उर्वरक सुलभ हो सकेंगे। उप संचालक कृषि श्री मोरध्वज डड़सेना ने जिले के सभी कृषकों से अपील की है कि वे खरीफ वर्ष 2026 हेतु आवश्यक रासायनिक उर्वरकों का अग्रिम उठाव अपने नजदीकी सहकारी समितियों से समय रहते कर लें, जिससे खरीफ मौसम के दौरान उर्वरकों की संभावित कमी, अनावश्यक भीड़ तथा वितरण संबंधी समस्याओं से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि अग्रिम उठाव से किसान अपनी खेती-किसानी की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकेंगे और फसल बुवाई का कार्य समय पर पूरा कर पाएंगे। कृषि विभाग द्वारा जिले की सभी सहकारी समितियों को उर्वरक वितरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button