श्रम मंत्री देवांगन ने 66 हजार श्रमिकों के खातों में ट्रांसफर किए 48.82 करोड़
श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मंगलवार सवेरे रायपुर के शंकर नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में प्रदेश के 66 हज़ार 952 श्रमवीरों और उनके परिवार जनों के सीधे खाते में 48.82 करोड़ की राशि डीबीटी के जरिए ऑनलाईन अंतरित की। इस अवसर पर सचिव सह श्रमायुक्त श्रीमती अलरमेलमंगई डी., अपर आयुक्त श्रम एस.एल. जांगड़े सहित श्रमिक उपस्थित थे।
श्रम मंत्री देवांगन ने कहा कि विष्णुदेव की सरकार में प्रदेश के श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों को लगातार योजनाओं का लाभ तेजी से मिल रहा है। श्रम विभाग के तीनों मंडल छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार मंडल, संगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल व श्रम कल्याण मंडल के माध्यम से योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हो रहा है। इसी का परिणाम है की जनवरी से नवम्बर 2024 तक 46.59 लाख श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 334.28 करोड़ रूपए अंतरित किए जा चुके हैं। श्रम मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री साय ने नई दिल्ली में कल आयोजित इन्वेस्टर्स कनेक्ट मीट में देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
सचिव श्रम श्रीमती अलरमेल मंगई ने स्वागत भाषण के दौरान बताया कि प्रदेश में श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। इनका लाभ श्रमिकों और उनके परिजनों को मिल रहा है। पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों के पढ़ाई-लिखाई के लिए छात्रवृत्ति का प्रावधान किया गया है। श्रमिकों को किफायतीदर पर भोजन उपलब्ध कराने शहीद वीर नारायण सिंह अन्नपूर्णा अन्न योजना संचालित की जा रही है।